किसान से 15 हजार रिश्वत लेते पटवारी को पकड़ा, ACB की कार्रवाई से मचा हड़कंप
Tuesday, May 26, 2026-09:05 AM (IST)
बेमेतराः छत्तीसगढ़ में बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक मुख्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को पन्द्रह हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी सूत्रों के अनुसार ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपनी जमीन से जुड़े कार्य के सिलसिले में लंबे समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था।
आरोप है कि कार्य करने के एवज में पटवारी ओंकार सुनवानी ने रिश्वत की मांग की थी। दोनों के बीच 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था, जिसमें पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपए दिए जाने थे। किसान ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के तहत किसान ने आरोपी पटवारी को 15 हजार रुपए नकद दिए।
इसी दौरान एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ पकड़ लिया। एसीबी की टीम आरोपी पटवारी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

