Punjab Kesari MP ads

15 हजार रुपए की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, ACB ने की बड़ी कार्रवाई

Monday, May 11, 2026-02:19 PM (IST)

CG Desk: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला मुख्यालय में स्थित एडीएम कार्यालय में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां एक बाबू को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि बाबू विजय पांडेय ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत लंबित प्रकरण में जुर्माने की राशि कम कराने के एवज में रिश्वत मांगी थी।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता करगी रोड कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप होटल का संचालन करता है। बताया गया कि अगस्त 2025 में फूड सेफ्टी विभाग ने देवेंद्र कश्यप के होटल पर छापेमारी की गई। इस दौरान उसके होटल में खाद्य सामग्री खुले में पाई गई। जिस पर उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। यह प्रकरण अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी बिलासपुर की अदालत में लंबित था।

आरोप है कि सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय ने होटल संचालक को एक लाख रुपए तक का जुर्माना लगने का डरावा दिया। इसी के साथ ही कहा कि वह मामले में मदद कर जुर्माना घटा सकता है। इसके एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। लेकिन, होटल संचालक उसे रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने पूरे मामले की शिकायत एसीबी बिलासपुर से कर दी।

मामले में जांच के बाद रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपए लेना बाकी था। इसके बाद एसीबी टीम ने ट्रैप प्लान बिछाया। 10 मई को आरोपी ने प्रार्थी को एडीएम कार्यालय बुलाया। जैसे ही उसने 15 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लिए, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी की कार्रवाई के बाद एडीएम कार्यालय में हड़कंप मच गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News