Punjab Kesari MP ads

डेढ़ लाख रूपए की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, एरियर राशि निकालने के बदले मांगी थी रिश्वत; लोकायुक्त की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Tuesday, May 12, 2026-03:57 PM (IST)

टीकमगढ़ (आमिर खान): टीकमगढ़ के शासकीय पीजी कॉलेज में मंगलवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने बड़ी रिश्वतखोरी की कार्रवाई को अंजाम दिया। कॉलेज में पदस्थ लिपिक नितिन मिश्रा को लोकायुक्त पुलिस ने डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई से कॉलेज परिसर और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई तालकोठी क्षेत्र में दोपहर करीब 1 बजे की गई। लोकायुक्त निरीक्षक कमल सिंह के नेतृत्व में करीब 10 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि पीजी कॉलेज के एक रिटायर्ड कर्मचारी के पुत्र देवेंद्र बाल्मीकि से विभागीय काम कराने के एवज में ढाई लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत लोकायुक्त सागर कार्यालय में की थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया।

मंगलवार को तय योजना के तहत देवेंद्र बाल्मीकि रिश्वत की पहली किस्त के रूप में डेढ़ लाख रुपए लेकर पहुंचे। जैसे ही आरोपी लिपिक नितिन मिश्रा ने रकम ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने आरोपी के हाथ धुलवाए, जिसमें रिश्वत की रकम पर लगाए गए केमिकल के निशान मिलने की जानकारी सामने आई है।

शिकायतकर्ता देवेंद्र बाल्मीकि ने मामले में कॉलेज के प्राचार्य केसी जैन सहित अन्य कर्मचारियों के नाम भी लोकायुक्त टीम को बताए हैं। हालांकि फिलहाल मुख्य कार्रवाई लिपिक नितिन मिश्रा के खिलाफ की गई है। लोकायुक्त टीम पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया शुरू की गई। कॉलेज परिसर में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। लोकायुक्त पुलिस का कहना है कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News