जनपद उपाध्यक्ष पर फायरिंग के पीछे कांग्रेस नेताओं की साजिश! फरार आरोपियों पर 5-5 हजार का इनाम

Friday, Feb 27, 2026-11:10 AM (IST)

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के Bilaspur में हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। जमीन कारोबार और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई में मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह पर जानलेवा हमला कराया गया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस फायरिंग की साजिश कांग्रेस से जुड़े नेताओं ने रची थी।

28 अक्टूबर की रात नीतेश सिंह के कार्यालय में नकाबपोश शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में मुड़पार के पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ ‘राजू सिंह’ गंभीर रूप से घायल हो गए। एक गोली पीठ को छूते हुए निकल गई, जबकि बचाव में नीतेश सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए तत्काल Apollo Hospital Bilaspur में भर्ती कराया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात का मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत है, जिसने शूटरों को सुपारी दिलवाई। आरोप है कि तारकेश्वर पाटले ने शूटर्स को देने के लिए 1 लाख रुपये की व्यवस्था कराई, जबकि नागेंद्र राय हत्या की पूरी प्लानिंग में शामिल था।

अब तक पुलिस इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें कांग्रेस नेता अकबर खान समेत अन्य आरोपी शामिल हैं। हालांकि, नागेंद्र राय और टाकेश्वर पाटले अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। फरार आरोपियों की तलाश में Chhattisgarh Police लगातार दबिश दे रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने दोनों फरार आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को आरोपियों के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इस हाई-प्रोफाइल गोलीकांड ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में राजनीति और अपराध के खतरनाक गठजोड़ को उजागर कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News