राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश पहुंचीं, CM मोहन यादव और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया स्वागत एवं अभिनंदन
Thursday, Jun 18, 2026-10:59 AM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश पहुंचीं। इस दौरे में वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही ओंकारेश्वर में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी और चीतों को भारत में फिर से बसाने की परियोजना के लिए चर्चित कूनो राष्ट्रीय उद्यान का भी दौरा करेंगी। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनकी अगवानी की।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मौके पर कहा, "मध्यप्रदेश की धरती पर मां अहिल्या की नगरी में, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में सर्वोच्च पद पर प्रतिष्ठित महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का हमारे मध्य प्रदेश की धरती पर बहुत-बहुत स्वागत एवं अभिनंदन। मैंने शासन की ओर से महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, सभी विधायकगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ उनकी अगवानी की।"
वहीं, आगे कहा- "माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रपति एवं राज्यपाल दोनों ही मध्य प्रदेश दौरे पर आए हैं और वे रोजमर्रा एवं महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रमों में सहभागिता करते हैं, जिससे हमें गौरव की अनुभूति होती है। मध्य प्रदेश में चल रहे कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता पुनर्स्थापन (Cheetah Project) को देखने के लिए भी महामहिम हमारे मध्य प्रदेश में उपस्थित रहेंगी। इसके साथ ही एनीमिया जैसी स्वास्थ्य संबंधी चुनौती को दूर करने के लिए सरकार दूरदृष्टि के साथ योजनाएं बना रही है। वे ऐसे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इस प्रकार मैं पुनः मध्य प्रदेश की इस धरती पर उनका स्वागत करता हूं। यह दौरा अत्यंत उत्साहवर्धक रहेगा।"
आपको बता दें कि बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान के एक कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद आज शाम वह ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। इस दौरान राष्ट्रपति ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिरों में दर्शन और आरती करेंगी। राष्ट्रपति 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति 20 जून की शाम जबलपुर पहुंचेंगी।
वह शहर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति 22 जून को कूनो राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करेंगी और इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगी। बताया कि राष्ट्रपति के पांच दिवसीय प्रदेश दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

