राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ओंकारेश्वर में विश्व सिकलसेल दिवस प्रदर्शनी का किया अवलोकन, MP के उन्मूलन प्रयासों की सराहना की
Friday, Jun 19, 2026-11:13 AM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने 5 दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान शुक्रवार को ओंकारेश्वर में आयोजित विश्व सिकलसेल दिवस-2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 के तहत आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, लोक स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और सिकलसेल उन्मूलन मित्र उपस्थित थे।

MP के नवाचार और प्रयासों की सराहना
प्रदर्शनी में राष्ट्रपति ने सिकलसेल उन्मूलन मिशन-2047 के तहत मध्यप्रदेश में किए जा रहे कार्यों, नवाचारों और जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी ली। चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य और आयुष विभाग ने सिकलसेल की पहचान, उपचार, परामर्श, बचाव के उपाय और स्क्रीनिंग अभियान प्रदर्शित किए। अधिकारियों ने जेनेटिक काउंसिलिंग, निःशुल्क उपचार, सिकलसेल मोबाइल ऐप-पोर्टल और उन्मूलन की कार्ययोजना की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने समय पर जांच और प्रभावित परिवारों तक स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ने जनजातीय क्षेत्रों में चल रही मोबाइल मेडिकल यूनिट, रोगियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं और अनुसूचित जाति राहत योजना का प्रदर्शन किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने लाड़ली बहना योजना, वन स्टॉप सेंटर, पोषण आहार और महिला हेल्पलाइन-181 जैसी योजनाओं की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने कमजोर वर्गों तक सेवाएं पहुंचाने के इन प्रयासों की भी प्रशंसा की।
सिकलसेल मित्रों के साथ खिंचवाई फोटो
प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान राष्ट्रपति ने विभागीय अधिकारियों से संवाद कर मिशन की प्रगति जानी और समन्वित प्रयासों की सराहना की। अंत में उन्होंने सिकलसेल उन्मूलन मिशन 2047 से जुड़े सिकलसेल मित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई। भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार मिशन 2047 के तहत बड़े स्तर पर जांच, उपचार और जागरूकता अभियान चला रही हैं। राष्ट्रपति का दौरा सिकलसेल के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और 2047 तक रोग उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

