Punjab Kesari MP ads

डकैत रामबाबू गड़रिया पर बयान देकर घिरे प्रीतम लोधी, भाजपा संगठन की सख्ती के बाद लिया यू टर्न, जताया खेद

Sunday, Jun 07, 2026-01:47 PM (IST)

भोपाल : डकैत रामबाबू गड़रिया को लेकर दिए गए बयान के बाद विवादों में घिरे भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने अब अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह सभी समाजों की सेवा करते हैं और यदि उनके किसी बयान से किसी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद जताते हैं।

प्रीतम लोधी ने कहा कि किसी कार्यक्रम के दौरान यदि उनके मुख से ऐसी कोई बात निकल गई हो, जिससे किसी समाज को ठेस पहुंची हो, तो उनका ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि वह सभी वर्गों और समाजों के बीच समरसता एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए काम करते हैं और आगे भी करते रहेंगे।

इधर, इस पूरे मामले को भाजपा संगठन ने गंभीरता से लिया है। सूत्रों के अनुसार, विधायक प्रीतम लोधी की ओर से लगातार पार्टी लाइन से अलग बयान दिए जाने को लेकर संगठन में नाराजगी है। गुर्जर समाज की ओर से शिकायत मिलने के बाद पार्टी नेतृत्व इस मामले पर सक्रिय हो गया है और जल्द ही प्रीतम लोधी को तलब कर चर्चा की जा सकती है।

दरअसल, प्रीतम लोधी के बयान को लेकर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की और एक ज्ञापन भी सौंपा।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भाजपा गुर्जर समाज का सम्मान करती है और समाज के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक प्रीतम लोधी का बयान उनका व्यक्तिगत विचार है और उसका पार्टी से कोई संबंध नहीं है।

खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया है और जल्द ही विधायक से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि गुर्जर समाज का देश की सुरक्षा, सामाजिक विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसका भाजपा सम्मान करती है।

वहीं, प्रीतम लोधी ने कहा कि संगठन की ओर से उन्हें इस विषय पर समझाइश दी गई है। उन्होंने दोहराया कि उनका उद्देश्य किसी भी समाज या वर्ग की भावनाओं को आहत करना नहीं था और वह सभी समाजों के सम्मान एवं सौहार्द के लिए कार्य करते रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News