आधी रात चला पीडब्ल्यूडी का बुलडोजर, सन्नाटे में ढहाई गई इमारत
Monday, May 18, 2026-02:11 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सरानी दरवाजा बाहर स्थित पीडब्ल्यूडी विभाग की वर्षों पुरानी जर्जर बिल्डिंग को देर रात बुलडोजर और जेसीबी की मदद से धराशायी कर दिया गया। विभाग द्वारा यह कार्रवाई आधी रात के सन्नाटे में इसलिए की गई, ताकि दिन के समय होने वाली भीड़भाड़ और संभावित हादसों से बचा जा सके।
बताया गया है कि जिस भवन को गिराया गया, वह काफी समय से जर्जर हालत में था और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इलाके के लोगों द्वारा भी कई बार भवन की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताई गई थी। इसके बाद विभाग ने भवन को हटाने का निर्णय लिया।
पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के अनुसार सरानी दरवाजा बाहर का इलाका शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। आसपास बाजार और रिहायशी क्षेत्र होने के कारण दिन में मशीनों से भवन तोड़ने पर भारी धूल-मिट्टी उड़ती, जिससे लोगों को परेशानी होती। साथ ही भीड़ जमा होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए विभाग ने रात के समय कार्रवाई करने की योजना बनाई। देर रात जब इलाके में सन्नाटा और लोगों की आवाजाही कम हो गई, तब जेसीबी और बुलडोजर मौके पर पहुंचाए गए और सुरक्षा इंतजामों के बीच पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
करीब कुछ घंटों तक चली इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और विभागीय अमला भी मौके पर मौजूद रहा। भवन गिराने के बाद मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि जर्जर भवन हटने से अब क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी खतरा समाप्त हो गया है।

