Punjab Kesari MP ads

जिला पंचायत उपचुनाव : पूजा राकेश चौकसे की बड़ी जीत, लक्ष्मण सिंह लोधी भदौरिया को 4900 वोटों से हराया

Saturday, Oct 03, 2026-06:50 PM (IST)

रायसेन (शिवलाल यादव) : रायसेन जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक-3 मेहगांव में हुए उपचुनाव में प्रत्याशी पूजा राकेश चौकसे ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें 16613 वोट प्राप्त हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लक्ष्मण सिंह लोधी भदौरिया को 4900 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। जबकि उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह लोधी भदोरिया को 7,204 वोटों से संतुष्ट होना पड़ा। नोटा को 295 वोट मिले। शनिवार को सुबह से ही शहर के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 6 राउंड में मतगणना पूरी हुई। जैसे ही अंतिम राउंड का परिणाम घोषित हुआ, पूजा राकेश चौकसे समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ समर्थकों ने शानदार तरीके से जीत का जश्न मनाया। उप चुनाव विजयी की घोषणा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण विश्वकर्मा अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय एसडीएम मनीष शर्मा द्वारा एसपी आशुतोष गुप्ता की मौजूदगी में की गई।

शनिवार को सुबह 9 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जिला व पुलिस प्रशासन ने मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पहले राउंड से ही प्रत्याशी पूजा राकेश चौकसे ने अपने प्रतिद्वंदी लक्ष्मण सिंह लोधी भदौरिया पर बढ़त बना ली थी। हर राउंड के साथ उनकी बढ़त का अंतर बढ़ता गया। मतगणना के छठवें और अंतिम राउंड की गिनती पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मनीष शर्मा ने औपचारिक रूप से जीत की घोषणा की और विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।

PunjabKesari

पूजा चौकसे ने मतदाताओं का जताया आभार

जीत के बाद मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए जिप सदस्य मेहगांव विजयी प्रत्याशी पूजा राकेश चौकसे ने कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है। बल्कि वार्ड की जनता और मतदाताओं की जीत है। यह सत्य की विजय है। मेहगांव वार्ड तीन के अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण कराए जाएंगे। केंद्र प्रदेश सरकारों की जनकल्याण कारी योजनाओं का गरीबों,आमजनों को भरपूर लाभ दिलाया जाएगा।उन्होंने जिला पंचायत सदस्य मेहगांव वार्ड 3 के सभी मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और युवा साथियों का हृदय से आभार जताया।

समर्थकों ने मनाया जोरदार जीत जश्न

जिला पंचायत सदस्य मेहगांव के उपचुनाव का शनिवार को परिणाम आने के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पूजा राकेश चौकसे समर्थक जमा हो गए। समर्थकों ने पूजा राकेश चौकसे को फूल-मालाओं से लाद दिया। इसके बाद समर्थकों का हुजूम जुलूस के रूप में शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए उनके रॉयल कॉलोनी पाटनदेव निवास तक पहुंचा। इस दौरान रास्ते भर आतिशबाजी होती रही। पुरूष महिला सहित युवा समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

PunjabKesari

शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 6 राउंड में मतगणना हुई। प्रत्याशी पूजा राकेश चौकसे को सबसे बड़ी लीड मतदान केंद्र 131 से मिली, जहां उन्हें 260 वोट मिले, जबकि लक्ष्मण लोधी को सिर्फ 8 वोट मिले। वहीं मतदान केंद्र 129 पर पूजा राकेश को 199 और 130 पर 195 वोट मिले। वहीं उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह लोधी को सबसे ज्यादा 148 वोट मतदान केंद्र 142 पर मिले।

कहां कितना वोट मिला

पूजा राकेश चौकसे को सबसे ज्यादा 306 वोट मतदान केंद्र 181 पर, 274 वोट पोलिंग बूथ केंद्र 184 पर और 245 वोट केंद्र 179 पर मिले। वहीं लक्ष्मण सिंह लोधी को सबसे ज्यादा 305 वोट मतदान केंद्र 183 पर और 202 वोट मतदान केंद्र 182 पर मिले।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News