राज्यसभा चुनाव: बीजेपी के तीसरे प्रत्याशी केवट ने भरा पर्चा, सीएम डॉ. यादव बोले- जीत के लिए संकल्पित हैं हम
Monday, Jun 08, 2026-04:48 PM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश की राजनीति के लिए 8 जून का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी के तीसरे प्रत्याशी महेश केवट का नामांकन पत्र जमा कराया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जीत के लिए हम संकल्पित हैं। केवट के नाम का चयन भारतीय जनता पार्टी के सब वर्गों के कल्याण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पार्टी कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

महेश केवट का नामांकन दाखिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पार्लियामेंट्री बोर्ड द्वारा राज्यसभा चुनाव में तीसरे प्रत्याशी के रूप में महेश केवट का चयन किया गया है। उन्होंने आज नामांकन फॉर्म जमा कराया है। हम इस संकल्प के साथ चल रहे हैं कि हम तीनों राज्यसभा की सीटों पर निर्वाचित होकर रहेंगे।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि महेश केवट बाल्यकाल से स्वयं सेवक रहे हैं, विद्यार्थी परिषद-युवा मोर्चा में रहे हैं, संघ में कई उत्तरदायित्वों का निर्वहन किया है। आज भगवान राम का आशीर्वाद एक बार फिर निषाद राज की परंपरा को कायम करते हुए महेश केवट को मिल रहा है। हम सभी वर्गों की समानता के लिए सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के मंत्र पर चलते हैं।

जब-जब जो कहा, तब-तब वो किया
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी पार्टी केवल कहती नहीं है, करके दिखाती है। मुझे इस बात का आनंद है कि जिस वर्ग का लोकसभा-विधानसभा में कही कोई प्रतिनिधित्व नहीं था, उस वर्ग के प्रतिनिधि को सीधे उच्च सदन में अवसर मिल रहा है। यह निर्णय हमारी पार्टी की सब वर्गों के कल्याण की प्रतिबद्धता दर्शाता है।

