दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा नेताओं की सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल! पूर्व मंत्री ने चुनाव आयोग से की शिकायत
Friday, Jul 31, 2026-05:49 PM (IST)
दतिया (अंकुर जैन) : विधानसभा उपचुनाव के मतदान के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने भाजपा के कुछ नेताओं पर मतदान के दौरान सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। प्रियव्रत सिंह ने संबंधित पोस्ट के स्क्रीनशॉट अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस मामले में निर्वाचन आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
दतिया उप-चुनाव में भाजपा ने कई प्रकार के अनैतिक हथकण्डें अपनायें, जिसमें दो स्वघोषित उदाहरण हैं: पूर्व विधायक सूबेदार सिंह सीकरवार और ग्वालियर के पूर्व ज़िला अध्यक्ष कमल माखीजानी, जो नियमों को ताक में रखकर ना सिर्फ बूथ निरीक्षण का दावा कर रहे हैं बल्कि बूथ क्रमांक डाल कर अनाधिकृत… pic.twitter.com/ItRduptb8a
— Priyavrat Singh (@iPriyavratSingh) July 31, 2026

कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह का आरोप है कि मतदान के दिन भाजपा के बाहरी नेताओं ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ऐसे पोस्ट किए, जिनका उद्देश्य मतदाताओं को प्रभावित करना था। प्रियव्रत सिंह ने ग्वालियर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष कमल माखीजा, सूबेदार सिंह सिकरवार और युवराज सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट साझा किए हैं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्रियव्रत सिंह ने इन पोस्ट को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से मामले की जांच और संबंधित नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल भाजपा की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, वहीं निर्वाचन आयोग ने भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

