दतिया उपचुनाव के बीच नया सियासी संग्राम! जीतू के खिलाफ निर्वाचन आयोग पहुंची भाजपा
Monday, Jul 27, 2026-07:26 PM (IST)
दतिया: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट उपचुनाव के बीच सियासत उफान पर है। चुनाव प्रचार के बीच जीतू पटवारी की तीखी बयानबाजी को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा ने पटवारी के चुनावी भाषण को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए उनके दतिया प्रवेश और चुनाव प्रचार पर तुरंत प्रतिबंध लगाने की बड़ी मांग की है।
भाजपा ने दी लिखित शिकायत
जीतू पटवारी के खिलाफ भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से एस.एस. उप्पल (प्रदेश संयोजक, निर्वाचन आयोग समन्वय विभाग) ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखित शिकायत भेजी है। जिसमें आरोप है कि जीतू पटवारी दतिया में निराधार भड़काऊ और मनगढ़ंत बयानबाजी कर रहे हैं। इतना ही नहीं भाजपा ने मांग की है कि जीतू पटवारी की दतिया में एंट्री बंद होनी चाहिए और जनसभाओं/प्रचार पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। BJP ने अपनी शिकायत में कहा, "ऐसे झूठे और बिना सबूत वाले आरोपों का मकसद वोटरों को प्रभावित करना और आदर्श आचार संहिता लागू होने के दौरान चुनावी माहौल पर असर डालना है। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।"

क्या है जीतू पटवारी का बयान
पूरा मामला जीतू पटवारी के 50 हजार करोड़ कैश से जुड़ा है। जीतू पटवारी में दतिया में कहा था कि सीएम मोहन यादव दतिया में 50 हजार करोड़ कैश लेकर पहुंच चुके हैं। भाजपा एक एक वोट के 5-5 हजार रुपये देगी और वोट खरीदेगी। इसके साथ ही जीतू पटवारी ने दावा किया था कि पुलिस प्रशासन के वाहनों, सरकारी कर्मचारियों और पुलिस बल के जरिए भाजपा पैसे व शराब की पेटियां पहुंचाएगी।
पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि BJP पुलिस और प्रशासन की मदद से पोलिंग बूथ पर कब्ज़ा करने की योजना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों का रातों-रात तबादला किया जा रहा है और आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी को अब अपने वरिष्ठ नेताओं पर भी भरोसा नहीं है, जिनमें पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वोटरों से मतदान के दौरान सतर्क रहने की अपील की।
जीतू पटवारी पर लगे आरोप निराधार
जीतू पटवारी के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत पर कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र मिश्रा ने कहा- जीतू पटवारी ने दतिया में जो भी कहा वे सारे आरोप आरोप प्रमाणित है। दतिया उपचुनाव में भाजपा को हार दिख रही है। दतिया में जीतू घर-घर पहुंच रहे हैं इससे भाजपा को तकलीफ है। जीतू पटवारी और कांग्रेस नेताओं ने दतिया में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाया है। ये भाजपा से बर्दाश्त नहीं हो रहा। दतिया में अहंकारी का टिकट कटा इसलिए भाजपा के कार्यकर्ताओं में रोष है। विजयपुर का चुनाव किसी से छुपा हुआ नहीं है। दतिया में भी कांग्रेस कार्यकर्ता शिकायत कर रहे हैं कि बीजेपी दो दिन में धनबल का उपयोग करने जा रही है।
बता दें कि कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित किए जाने के कारण दतिया विधानसभा उपचुनाव कराना पड़ा। मतदान 30 जुलाई को होना है और वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी। BJP ने कांग्रेस के दो बार के पूर्व विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ पहली बार चुनाव लड़ रहे आशुतोष शुक्ला को मैदान में उतारा है।

