प्रदेश में बेटियों और महिलाओं के लिए बड़ी सौगात, CM ने इस योजना में किया 8200 करोड़ का प्रावधान
Friday, Mar 06, 2026-11:31 PM (IST)
(रायपुर): सीएम विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश की मातृ शक्ति को स्वावलंबी, सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए बीजेपी सरकार निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी दिशा में SANKALP बजट में महतारी वंदन योजना के लिए ₹8200 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
साथ ही बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए रानी दुर्गावती योजना की शुरुआत तथा लखपति दीदियों को सफल महिला उद्यमियों से व्यापार की बारीकियाँ सीखने के लिए लखपति दीदी भ्रमण योजना शुरू की गई है, ताकि प्रदेश की माताएं-बहनें नए अवसरों से जुड़कर अपने सपनों को ऊँची उड़ान दे सकें।
सीएम ने की थी लोक निर्माण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा

इसके साथ ही सीएम ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में आज लोक निर्माण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ गांवों तक गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण को प्राथमिकता देने तथा सभी परियोजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि सुशासन की हमारी सरकार प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर कार्यों की निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीरगाँव में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए थे साय

वही सीएम साय ने बीरगाँव में आयोजित होली मिलन समारोह में सम्मिलित होकर क्षेत्रवासियों के साथ रंग, गुलाल और अबीर की होली खेली। इस मौके पर सीएम ने कहा कि होली का पावन पर्व हमें सभी भेदभाव भुलाकर प्रेम, अपनत्व और सौहार्द के रंगों में रंगने का संदेश देता है। यही हमारी भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी शक्ति है, जो हमें एक सूत्र में बांधकर समाज को और अधिक सशक्त बनाती है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, धन, वैभव, यश और नई ऊर्जा का संचार करे तथा हमारे प्रदेश में सदैव खुशहाली, सौहार्द और मंगल का वातावरण बना रहे।

