PHQ भोपाल से जारी आदेश से हलचल,प्रदेश में पदस्थ 253 निरीक्षकों, समकक्ष अधिकारियों के खिलाफ लंबित जांच,आपराधिक मामलों की मांगी रिपोर्ट
Tuesday, Jun 16, 2026-11:37 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान):मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने प्रदेशभर में पदस्थ 253 निरीक्षक और समकक्ष अधिकारियों की सेवा एवं आचरण संबंधी जानकारी जुटाने की कवायद शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय, भोपाल की ओर से जारी आदेश में सभी पुलिस इकाइयों से ऐसे अधिकारियों की जानकारी मांगी गई है, जिनके खिलाफ विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण या दंड प्रभावशील हो।
इकाइयों में पदस्थ निरीक्षक एवं समकक्ष अधिकारियों का विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश
16 जून 2026 को जारी पत्र में लोकायुक्त संगठन, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, सभी पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी इकाइयों में पदस्थ निरीक्षक एवं समकक्ष अधिकारियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराएं।
आरोप पत्र और दंड आदेश की छायाप्रति सहित भेजी जाए
पत्र में कहा गया है कि यदि किसी अधिकारी के खिलाफ वर्तमान या पूर्व पदस्थापना के दौरान विभागीय जांच, आपराधिक मामला अथवा दंड की कार्रवाई लंबित या प्रभावशील है, तो उसकी पूरी जानकारी आरोप पत्र और दंड आदेश की छायाप्रति सहित भेजी जाए।
पुलिस मुख्यालय का जानकारी 25 जून 2026 तक उपलब्ध कराने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने यह जानकारी 25 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से ई-मेल और विशेष वाहक के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन), पुलिस मुख्यालय भोपाल की ओर से जारी किया गया है।

