शिक्षिका से शादी का वादा कर युवक ने कई बार मिटाई हवस, फिर संपर्क तोड़कर हुआ फरार
Monday, Jun 01, 2026-05:04 PM (IST)
इंदौर। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती एक निजी स्कूल की शिक्षिका के लिए दर्दनाक अनुभव बन गई। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाली शिक्षिका ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार जुलाई 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। जनवरी 2026 में दोनों पहली बार इंदौर में मिले। इसी दौरान आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का प्रस्ताव रखा और दावा किया कि दोनों एक ही समाज से हैं, इसलिए परिवार को भी कोई आपत्ति नहीं होगी।
युवती ने विवाह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया, जिसके बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं। आरोप है कि फरवरी 2026 में युवक उसे वृंदावन हीराबाग स्थित अपने फ्लैट पर ले गया, जहां शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर संबंध बनाता रहा।
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब युवती ने शादी की बात आगे बढ़ाने और परिवार से चर्चा करने का दबाव बनाया। आरोप है कि एक रेस्टोरेंट में मुलाकात के दौरान युवक ने साफ कह दिया कि उनके बीच जो कुछ हुआ, उसे भूल जाना चाहिए क्योंकि वह अब शादी नहीं कर सकता।
पीड़िता के मुताबिक इसके बाद आरोपी अपने गृह नगर पिपरिया चला गया और उसने फोन सहित सभी माध्यमों से संपर्क करना बंद कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद युवती रविवार को लसूड़िया थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर शुरू हुए रिश्तों में बढ़ते अपराधों के बीच यह मामला एक बार फिर भरोसे और रिश्तों के नाम पर होने वाले शोषण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

