Punjab Kesari MP ads

मंदिर में दर्शन करने गए मास्टर साहब, बाहर आए तो गायब थे 4 हजार के जूते; अब पुलिस से लगा रहे गुहार

Sunday, Jan 11, 2026-07:56 PM (IST)

गुना। (मिस्बाह नूर):  शहर की आस्था का प्रमुख केंद्र मानी जाने वाली हनुमान टेकरी से जूते चोरी होने का एक अनोखा लेकिन गंभीर मामला सामने आया है। मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे एक सरकारी शिक्षक के कीमती जूते चोरी हो गए। पीड़ित शिक्षक ने कैंट थाने में आवेदन देकर जूते वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

विंध्याचल कॉलोनी निवासी शिक्षक राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि वे 30 दिसंबर की शाम शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ टेकरी सरकार के दर्शन करने पहुंचे थे। शाम करीब 6:50 बजे उन्होंने हाथ धोने के स्थान के पास अपने जूते उतारे और आरती में शामिल होने चले गए। जब वे 7:20 बजे वापस लौटे, तो उनके जूते वहां से गायब थे।

शिक्षक के अनुसार चोरी हुए जूतों की कीमत 4 हजार रुपये से अधिक थी। जब उन्होंने मौके पर मौजूद चौकीदार से इस बारे में पूछताछ की, तो जवाब चौंकाने वाला था। चौकीदार ने कथित तौर पर कहा कि यहां इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं और स्थानीय लोग ही ऐसी वारदातों को अंजाम देते हैं।

पीड़ित शिक्षक ने अपने आवेदन में इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया है कि पूरे मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोर बेखौफ हैं। इस घटना से राजेश कुमार शर्मा इतने आहत हैं कि उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में अपनी आस्था को ठेस पहुंचने की बात कही है।

शिक्षक का कहना है कि महंगे जूते चोरी होना केवल आर्थिक नुकसान नहीं है, बल्कि इस तरह की घटनाएं दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि उनके जूते तलाश किए जाएं, ताकि उनकी आस्था बनी रहे और मंदिर परिसर में चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों को भी पकड़ा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News