Punjab Kesari MP ads

तहसीलदार का रीडर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई से महकमे में हड़कंप

Tuesday, Jun 30, 2026-07:54 PM (IST)

कोंडागांव: छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को कारर्वाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कारर्वाई की जा रही है। एसीबी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नामांतरण संबंधी प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज (जोड़ने) के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाने की योजना बनाई। जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता आरोपी को पहले ही दो किश्तों में 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब वह तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये दे रहा था, तभी पहले से तैनात एसीबी टीम ने आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। कारर्वाई के दौरान रिश्वत की रकम जब्त की गई तथा आवश्यक दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए। एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि 'प्रार्थी की शिकायत के आधार पर मामले का सत्यापन किया गया, जिसके बाद ट्रैप की कारर्वाई की गई।

आरोपी मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को विशेष न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कारर्वाई की जाएगी।' उन्होंने कहा कि 'प्रारंभिक पूछताछ में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है। यदि विवेचना के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कारर्वाई की जाएगी।' एसीबी की कारर्वाई के बाद फरसगांव तहसील कार्यालय में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News