Punjab Kesari MP ads

भोपाल में माहौल बिगाड़ने की साजिश नाकाम! विधायक आरिफ मसूद ने दी चेतावनी

Monday, Mar 30, 2026-04:41 PM (IST)

भोपाल : कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। मुलाक़ात के बाद मीडिया से बात करते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं को लेकर उन्होंने प्रशासन के सामने दो अहम बातें स्पष्ट रखीं। पहली, सच्चाई को दोबारा जनता के सामने लाने के लिए पुलिस प्रशासन का धन्यवाद, दूसरी भोपाल की जनता का आभार जिन्होंने संयम और समझदारी का परिचय दिया।

PunjabKesari

मसूद ने कहा कि कुछ तत्वों द्वारा भोपाल का माहौल खराब करने और शहर को बदनाम करने की कोशिश की गई, लेकिन यहां के हिन्दू-मुस्लिम समाज ने एकजुट होकर ऐसी साजिशों को नाकाम कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों समाज के लोगों ने इन चेहरों को पहचान लिया और उनकी बातों में नहीं आए। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही जनता को भरोसा दिलाया था कि प्रशासन निष्पक्ष जांच करेगा और सही निर्णय सामने आएगा, जो अब साबित भी हुआ है। गौरतलब है कि राजधानी में शहर के तलैया थाना इलाके में ईद के दूसरे दिन और नवरात्रि के दिनों में काली मंदिर के पास सड़क पर मृत पशु का शव मिला था, मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम फूल सिंह चौधरी बताया जा रहा है। ज्ञात हो कि इस मामले में तत्काल हिंदू संगठन के लोगों ने सड़क पर धरना प्रदर्शन करते हुए मुस्लिम समाज के लोगों पर आरोप लगाए थे।

उपद्रवियों पर सख्ती की मांग

विधायक ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात में यह भी मुद्दा उठाया कि कुछ चेहरे बार-बार अलग अलग जगहों पर उपद्रव कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि इन पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भोपाल का माहौल खराब न हो।

PunjabKesari

सीएम हाउस घेराव की चेतावनी

आरिफ मसूद ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रशासन ने इन उपद्रवियों पर कार्रवाई नहीं की, तो अगला कदम मुख्यमंत्री निवास का घेराव होगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी हाल में भोपाल को नफरत की आंधी में नहीं जाने दिया जाएगा।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

मसूद ने कहा कि इससे पहले डीआईजी बंगले के पास भी ऐसी घटना हुई थी, जहां मीडिया और प्रशासन के सहयोग से सच्चाई सामने आई और शहर को बड़े तनाव से बचा लिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News