अंबिकापुर में आयोजित होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का 12वां संस्करण, CM साय करेंगे शिरकत
Friday, Jun 19, 2026-07:29 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : भारत सरकार, आयुष मंत्रालय द्वारा 21 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 12वें संस्करण के अवसर पर ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga For Healthy Ageing)’’ के अंर्तगत राज्य के प्रत्येक ग्राम-पंचायत इकाई के प्रमुख स्थल में योगाभ्यास कराये जाने के निर्देश प्राप्त है।
इस बार राज्य में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन अंबिकापुर जिला-सरगुजा में किया जायेगा। अंबिकापुर के पी.जी. कॉलेज, ग्राउण्ड में यह कार्यक्रम प्रातः 6.45 से 08.00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ अध्यक्ष के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहेंगे। उसके साथ ही जनप्रतिनिधियों, विभिन्न शासकीय/अशासकीय संस्थानों के राज्य प्रभारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों/कार्यकर्ताओं, योग साधकगण सहित आमजनों की उपस्थिति में आयोजन संपन्न होगा।
इसी तारत्मय में 21 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन जिला प्रशासन की सहभागिता से सम्पूर्ण जिलों पर भव्य रूप से आयोजन किया जायेगा। जिसकी आवश्यक तैयारी छत्तीसगढ़ शासन चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग एवं छत्तीसगढ़ योग आयोग तथा समस्त जिला प्रशासन के सहयोग द्वारा किया जा रहा है।
भारत सरकार आयुष मंत्रालय द्वारा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड हेतु चलाई जा रही गतिविधि में राज्य की सक्रिय सहभागिता हेतु जिले के जनसंख्या के आधार पर लक्ष्य निर्धारित करते हुये उसकी अधिकतम पूर्ति हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किये जाने का निर्देश है। अतः अधिक से अधिक जन-सामान्य द्वारा टोल फ्री नम्बर-1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल के माध्यम से स्वयं का पंजीयन एवं व्हाट्सअप के माध्यम से फ्री योगा लाईव सेशन प्राप्त किया जा सकेगा। प्रत्येक आयोजन संस्था (शासकीय/निजी/अन्य) एवं व्यक्तिगत रूप से योग करने वाले व्यक्ति को आयुष विभाग के पोर्टल https://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर पंजीयन किया जा सकेगा। आयुष विभाग ने योगाभ्यास से संबंधित छायाचित्र भी अपलोड करते हुये समस्त योग साधक गण एवं अधिक से अधिक जन-सामान्य को अपनी सहभागिता प्रदान कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

