दिल दहला देने वाली वारदात! खैरागढ़ में भाई-बहन की लाश कुएं में मिली, दोनों के बंधे थे मुंह

Sunday, Nov 09, 2025-04:17 PM (IST)

खैरागढ़। (हेमंत पाल): छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के थाना छुईखदान अंतर्गत ग्राम झुरनदी से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया है। गांव के पास स्थित एक कुएं में दो मासूम बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप और मातम का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने 3 वर्षीय करण वर्मा और उसकी डेढ़ वर्षीय बहन को बेरहमी से मारकर कुएं में फेंक दिया। दोनों के मुंह कपड़े से बांधे हुए पाए गए, जिससे साफ जाहिर होता है कि वारदात पूर्व नियोजित हत्या की है।

मृत बच्चों के पिता का नाम गजानंद वर्मा और माता का नाम मनीषा वर्मा बताया जा रहा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस बल मौके पर पहुंचा, और घंटों की मशक्कत के बाद शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है।

गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि यह घटना मानवता को झकझोर देने वाली है, जिसने हर किसी की आंखों को नम कर दिया है। अस्पताल और घटना स्थल दोनों जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है  हत्या के कारणों, परिवारिक विवाद या किसी रंजिश की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा  यह बेहद संवेदनशील मामला है, दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News