इंदौर BJP कार्यकारिणी में बदमाश की पत्नी बनीं नगर मंत्री, चुनाव में कटा था टिकट, अब संगठन में मिला बड़ा पद

Tuesday, Oct 28, 2025-08:35 PM (IST)

इंदौर: BJP इंदौर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अपनी नियुक्ति के करीब 9 महीने बाद आखिरकार नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। नई टीम में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री सहित कुल 33 पदाधिकारी शामिल हैं। लेकिन इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा स्वाति कासिद के नाम को लेकर हो रही है, जिन्हें नगर मंत्री बनाया गया है।

कौन हैं स्वाति कासिद?
स्वाति, युवराज काशिद उर्फ युवराज उस्ताद की पत्नी हैं, वही युवराज जिन पर हत्या, अवैध वसूली और संगठित अपराध के आरोप हैं। हालांकि वे हत्या के केस से बरी हो चुके हैं। नगर निगम चुनाव के दौरान भाजपा ने स्वाति को वार्ड 56 से पार्षद प्रत्याशी बनाया था, लेकिन युवराज की आपराधिक पृष्ठभूमि की शिकायतें सामने आने के बाद पार्टी ने महज 16 घंटे में उनका टिकट वापस ले लिया था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तब साफ कहा था कि ‘भाजपा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति या उनके परिजनों को भी टिकट नहीं देती। पार्टी की नीति जीरो टॉलरेंस की है।‘

युवराज पर हत्या और रासुका के केस
युवराज काशिद पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन पर कुख्यात बदमाश जीतू ठाकुर की जेल में हत्या और हत्या के प्रयास के दो केस थे। STF ने उसे संगठित गिरोह की सूची में शामिल किया था और प्रशासन ने उस पर दो बार रासुका लगाई थी। 2020 में क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार भी किया था।

बीजेपी सूची में भी गड़बड़ियां
इंदौर नगर कार्यकारिणी की जारी सूची में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का नाम भी गलत लिखा गया है। ‘खंडेलवाल’ की जगह ‘खंडेलवा’ लिखा गया है। साथ ही सूची में कई अन्य हिंदी की गलतियां भी देखी गई हैं, जिस पर अब कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठने लगे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News