MP में 6, 7, 8, 9 और 10 मई तक मौसम विभाग की बड़ी भविष्यवाणी, इन जिलों में आंधी-बारिश की संभावना; गर्मी से मिल सकती है राहत
Thursday, May 07, 2026-10:12 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। दरअसल, राज्य में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और चक्रवात की सक्रियता है। इसके चलते पिछले दिनों कई जिलों में आंधी-बारिश देखने को मिली। राज्य में हल्का तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है। गुरूवार को मौसम विभाग ने ग्वालियर समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग ने 10 मई तक प्रदेश में खराब मौसम रहने की आशंका जताई है।
एमपी में 6, 7, 8, 9 और 10 मई तक मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इस दौरान ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जिलों में बारिश व तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवात और ट्रफ लाइन का असर लगातार बना हुआ है। जिसकी वजह से कई जिलों में आंधी, तूफान के साथ बारिश हुई। इसके चलते जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, किसानों को नुकसान हुआ है। आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो मौसम लगभग खराब रहने वाला है।
वहीं, प्रदेश के कई जिलों में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। यहां लोगों को दिन के समय ही झुलसने वाली धूप का सामना करना पड़ रहा है। गुरूवार को राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, रतलाम, नीमच, मंदसौर और जबलपुर समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने इन जिलों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना जताई है।
मौसम में लगातार बदलाव के कारण प्रदेश के कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते बुधवार को राज्य के उज्जैन में 39 डिग्री, ग्वालियर में 36.4 डिग्री, भोपाल में 38.4 डिग्री, जबलपुर में 37.7 डिग्री और इंदौर में 38.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ऐसे में लोगों के भीषण गर्मी के बीच राहत का एहसास हुआ। आने वाले दिनों में भी मौसम खराब रहने के आसार है।

