अगले 24 घंटे भारी! कई जिलों में तेज आंधी-बारिश मचाएगी तांडव, बिजली गिरने का भी अलर्ट; रहे सावधान
Saturday, Nov 21, 2026-01:11 PM (IST)
रायपुरः चक्रवाती तूफान‘अकवान'के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, तूफान‘अकवान'की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन इससे संबंधित मौसम प्रणाली अब भी वातावरण से नमी प्राप्त कर रही है। इसके प्रभाव से विशेष रूप से उत्तरी छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं। प्रदेश के पेंड्रा क्षेत्र में शनिवार सुबह से बूंदाबांदी का दौर जारी है। वहीं, कोंडागांव जिले के केशकाल में हल्की बारिश के साथ धुंध छाई हुई है। धुंध के कारण द्दश्यता कम होने से वाहन चालकों को दिन के समय भी वाहनों की लाइट जलाकर आवागमन करना पड़ रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने से शहर के कुछ क्षेत्रों में लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कल रायपुर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
राजधानी में दिनभर बादल छाए रहे और इस दौरान 11.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। प्रदेश में कल सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉडर् हुआ। राजधानी रायपुर में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना व्यक्त की है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आगामी दो दिनों के दौरान चक्रवाती मौसम प्रणाली के क्रमश: कमजोर होने के साथ प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे बदलाव आने का अनुमान है।

