एमपी में अगले 24 घंटे भारी ! इन जिलों में ओले, आंधी-बारिश की आशंका, IMD का अलर्ट जारी
Friday, May 01, 2026-09:16 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम लगभग खराब चल रहा है। इस दौरान कई जिलों में आंधी-बारिश देखने को मिली। वहीं, कई जगहों पर लू की स्थिती बनी हुई है। इसी बीच मौसम विभाग का ताजा अपडेट सामने आया है। अगले 24 घंटे भारी बताए जा रहे है। करीब 17 जिलों में ओले, आंधी-बारिश की आशंका जताई गई है। इसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। किसानों को विशेष तौर पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन 17 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट जिलों में ओले, आंधी-बारिश की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता पाई गई है। जिसका सीधा असर मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में पड़ा दिखाई दे रहा है। इसके चलते भीषण गर्मी के बीच कई जगहों पर मौसम में बदलाव हो रहा है।
इन जिलों में गर्मी का प्रकोप
बता दें कि इन दिनों प्रदेश में दो तरह का मौसम बना हुआ है। राज्य में कहीं बारिश लोगों को राहत दे रही है। तो कई जिलों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इस तहर दोहरा मौसम आमजनजीवन को प्रभावित कर रहा है। राजधानी भोपाल समेत रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, कटनी, दमोह, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गर्मी का प्रकोप जारी है।
मौसम में आई इस अचानक तब्दीली से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह चिंता का कारण बन गई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें और मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें, ताकि नुकसान को कम किया जा सके। प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ाते हुए लोगों को सुरक्षित रहने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश में यही स्थिति बनी रह सकती है।

