एमपी में भीषण गर्मी का कहरः आज इन जिलों में रेड अलर्ट जारी, पारा 43 के पार; कई स्कूल बंद
Saturday, Apr 25, 2026-08:47 AM (IST)
भोपालः एमपी में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लोगों को सुबह से ही तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। आज यानी शनिवार को प्रदेश के ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, छतरपुर समेत कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। कई शहरों का तापमान 43 के पार पहुंच गया है। राज्य में भीषण गर्मी के चलते कई स्कूल बंद किए गए है। प्रशासन ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम केंद्र, भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार आज यानी शनिवार को प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, उमरिया, मंडला, बालाघाट, मंदसौर, रतलाम, धार, झाबुआ और आलीराजपुर समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि शेष अन्य जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वहीं, 27 और 28 अप्रैल को मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रियता पाए जाने के आसार है। ऐसे में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और सागर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत का एहसास हो सकता है। प्रदेश में इस समय छतरपुर जिला सबसे अधिक गर्म (पारा 43.9 डिग्री) दर्ज किया जा रहा है। जबकि खजुराहो में पारा 43.9 डिग्री और नौगांव में 43.5 डिग्री तक पहुंच गया।
भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जबलपुर, दमोह, रतलाम जिलों में नर्सरी से पांचवीं कक्षाओं तक 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। पन्ना जिले में स्कूलों में 6वीं से 8वीं क्लास तक 30 अप्रैल तक अवकाश दिया गया है। नर्सरी से 5वीं तक छुट्टी पहले से घोषित है। इसके अलावा अन्य कई जिलों में प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा हेतु स्कूल के समय में बदलाव किया है।
प्रशासन ने भीषण गर्मी में लोगों को सावधानी बरतने की दी सलाह
पर्याप्त मात्रा पानी पीएं
दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखें

