BJYM जिला अध्यक्ष के लिए ये नाम आए सामने, प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर का बड़ा बयान, इनको मिलेगा मौका
Saturday, Apr 25, 2026-04:54 PM (IST)
रायसेन (शिवलाल यादव) : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) में इस बार जिला अध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। संगठन अब ऐसे युवा चेहरे की तलाश में है, जो न केवल निर्विवाद छवि का हो बल्कि युवाओं को प्रभावी ढंग से संगठित कर उन्हें एक मजबूत मंच भी प्रदान कर सके। यह बात भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर ने रायसेन प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की प्राथमिकता ऐसे नेतृत्व को आगे लाने की है, जो युवाओं को जोड़ने के साथ-साथ उन्हें दिशा भी दे सके। संगठन ही वह मंच है, जो युवाओं को नई पहचान दिलाता है और उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारकर उन्हें मुकाम तक पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि युवामोर्चा ही भाजपा के युवाओं को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाता है।
आधा दर्जन दावेदार, शक्ति प्रदर्शन तेज
भाजयुमो जिला अध्यक्ष पद के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। करीब आधा दर्जन युवा नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है और समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन भी शुरू हो चुका है। प्रमुख दावेदारों में अंशुल शर्मा, शुभम उपाध्याय, देवेंद्र बघेल सहित अन्य युवा नेताओं के नाम शामिल हैं। ये सभी युवा नेता संगठन के भीतर सक्रिय रहकर रायशुमारी में जुटे हुए हैं।

अल्प प्रवास में कार्यकर्ताओं से संवाद
प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर अपने अल्प प्रवास के दौरान रायसेन पहुंचे, जहां जिला भाजपा कार्यालय में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर मंडल अध्यक्ष आदित्य जीतू शर्मा, जीतू ठाकुर और मीडिया प्रभारी सीएल गौर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने फूलमालाओं से उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
सागर-विदिशा में भी हुआ भव्य स्वागत
रायसेन से पहले सागर और विदिशा में भी प्रदेशाध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत हुआ । भारत माता चौराहे पर मंच सजाकर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत माता चौराहे पर बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने उनका बड़ी फूलमालाओं से अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को सक्रिय भूमिका देने पर विशेष जोर दिया गया।
संगठन में युवा नेतृत्व पर फोकस
भाजयुमो की इस पहल को आगामी चुनावी रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व अब जमीनी स्तर पर ऐसे चेहरों को आगे लाने की कोशिश में है, जो युवाओं के बीच लोकप्रिय होने के साथ-साथ संगठन को मजबूती दे सकें। ऐसे में रायसेन में होने वाला जिला अध्यक्ष का चयन आने वाले समय में संगठन की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर पहुंचे रायसेन! जल्द हो सकती है जिलाध्यक्ष की घोषणा, रेस में ये नाम

