Punjab Kesari MP ads

MP में दर्दनाक हादसा: कच्चे मकान में आग से तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत, गांव में मातम

Saturday, May 23, 2026-06:02 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला): मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कच्चे मकान में लगी भीषण आग में तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। यह हादसा जमोड़ी थाना क्षेत्र के काशीहवा गांव में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। मृत बच्चों की पहचान डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 6 वर्षीय धुम्मू उर्फ संध्या साकेत और 3 वर्षीय एक अन्य बच्चे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय तीनों बच्चे घर के अंदर मौजूद थे और बाहर नहीं निकल सके।

शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कुछ ही मिनटों में मचा कोहराम

ग्रामीणों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। गांव के निवासी पुष्पराज मिश्रा ने बताया कि बिजली लाइन में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे निकली चिंगारी घर के पास रखे बांस और सूखे सामान पर गिर गई। कच्चा मकान होने और उसमें ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरा घर लपटों में घिर गया।हादसे के समय घर बाहर से बंद था। बताया जा रहा है कि बच्चों की मां घर से राशन लेने गई थी और जाते समय दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। इसी कारण बच्चे आग लगने के बाद बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए।

PunjabKesariपिता मजदूरी पर गया था, सूचना मिलते ही टूटा परिवार पर दुखों का पहाड़

मृत बच्चों के पिता रामरतन साकेत उस समय मजदूरी करने सीधी शहर गए हुए थे। घटना की जानकारी उन्हें ग्रामीणों ने फोन पर दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई भी घर के अंदर नहीं जा सका। स्थानीय स्तर पर फायर ब्रिगेड उपलब्ध न होने के कारण चुरहट से दमकल वाहन बुलाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और बड़ा नुकसान हो गया।

प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच शुरू

सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में ग्रामीणों की मदद की। हालांकि तब तक तीनों बच्चों की मौत हो चुकी थी।बाद में सिटी कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

जांच जारी, गांव में शोक का माहौल

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे काशीहवा गांव में शोक का माहौल है। एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News