MP में कहर बनकर गिरी आकाशीय बिजली, दो सहेलियों की छीनी जिंदगी ; पूरे गांव में पसरा मातम
Wednesday, May 13, 2026-11:08 AM (IST)
टीकमगढ़ः एमपी के टीकमगढ़ जिले में मौसम का कहर देखने को मिला है। यहां देर शाम आकाशीय बिजली ने दो सहेलियों की जिंदगी छीनी है। इस घटना के बाद परिजनों समेत पूरे गांव में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दिगौड़ा थाना क्षेत्र के बैदौरा गांव में हुई है। जहां मंगलवार देर शाम एक पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में (8) निबिया साहू पुत्री बालाराम और 8 वर्षीय तन्वी साहू पुत्री बृजेन्द्र साहू उसकी चपेट में आ गईं। दोनों बच्चियों की मौके पर मौत की सूचना मिली है। वहीं, ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
आनन-फानन में परिजन बच्चियों को जिला अस्पताल टीकमगढ़ लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बच्चियां पक्की सहेलियां थीं। सूचना पर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

