खंडवा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू डंपर ने टवेरा को रौंदा, करणी सेना के एक युवक की मौत, 6 घायल
Monday, Sep 15, 2025-11:35 AM (IST)

खंडवा। (मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की सीमा पर बीती देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बेकाबू डंपर ने टवेरा गाड़ी को रौंद दिया। जिसमें 1 की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 6 युवक घायल है, इनमें एक की हालत गंभीर है। जिसे इंदौर रेफर किया गया है। करणी सेना से जुड़े सभी युवक खरगोन के आभापुरी के रहने वाले है। खंडवा रैली में शामिल होने आए थे।
दरअसल घटना रविवार रात 11 बजे पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खारवां के पास की बताई जा रही है। हादसा इतना भयावह था कि टवेरा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। टवेरा सवार रविराज सिंह तोमर निवासी आभापुरी की मौत हो गई। वहीं उनके साथी चंद्रपालसिंह तोमर की हालत गंभीर है, हादसे में उनकी एक आंख बाहर निकल गई। पैर टूट गए हैं। गंभीर हालत में उन्हें इंदौर रेफर किया है। बाकी 5 अन्य साथियों को भी गंभीर चोटें आई है। जिनका इलाज खंडवा और खरगोन के निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस और भाजपा नेता की मदद
हादसे की जानकारी मिलने पर पंधाना टीआई दिलीप देवड़ा के साथ पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप जगद्धने ने मौके पर पहुंच कर घायलों की तुरंत मदद की। उन्होंने अपने निजी वाहन से घायल लोगों को खंडवा जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. चंद्रपाल सिंह पिता लोकेंद्र सिंह, उम्र 29 वर्ष,
2. गोपाल पिता पर्वत सिंह, उम्र 35 वर्ष,
3. रविंद्र पिता सुरेंद्र सिंह, उम्र 25 वर्ष, 4. शेरसिंह पिता किशोर सिंह, उम्र 35 वर्ष,
स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने टीआईं दिलीप देवड़ा और प्रदीप जगद्धने के मानवीय कदम की सराहना की है, जिससे समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाई जा सकी।