धार में दीपावली पर दर्दनाक हादसा, भीषण एक्सीडेंट में भाई की मौत, बहन गंभीर घायल, गांव में पसरा मातम
Monday, Oct 20, 2025-11:09 AM (IST)
धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। राऊ-खलघाट फोरलेन पर गणपति घाट की नई सड़क पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से घायल है। यह दुर्घटना तब हुई जब दोनों इंदौर से अपने गांव मालीपूरा (झिरनिया, खरगोन) की ओर लौट रहे थे।
तेज रफ्तार वाहन ने ली एक और जान
जानकारी के अनुसार, हादसा गणपति घाट पर हुआ। इंदौर की ओर से आ रही बाइक पर सवार दीपक पिता सिगदार और उनकी बहन दीपाली पिता सिगदार अपने गांव मालीपूरा जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीपक उछलकर सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, दीपाली को गंभीर चोटें आईं।
घायल बहन को जिला अस्पताल रेफर, परिजनों में मातम
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल दीपाली को धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धार जिला अस्पताल रेफर किया गया। दीपक का शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा, जिसे पुलिस ने बाद में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दीपक के परिवार में मातम पसरा है, वहीं बहन की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है।
‘मौत का घाट’ बनता जा रहा गणपति घाट
मौके पर पहुंची धामनोद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गणपति घाट क्षेत्र में तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ों के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोग इसे अब ‘मौत का घाट’ कहने लगे हैं, क्योंकि बीते कुछ वर्षों में यहां सैकड़ों हादसे हो चुके हैं।

