राज्य में भीषण सड़क हादसा, BJP के बड़े नेता की मौके पर मौत, साथी ने भी तोड़ा दम
Thursday, Feb 26, 2026-04:42 PM (IST)
बतौली: राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बुधवार रात दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत में बीजेपी किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उनके साथी राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाएं पैर में गंभीर फ्रैक्चर के साथ उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दूसरी बाइक पर सवार प्रमोद कुजूर भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क पर खून फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घायलों को जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लाया गया तो वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। समय पर इलाज न मिलने से लोगों में भारी आक्रोश है।
घटना की खबर फैलते ही बतौली और पोकसरी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

