एक साथ पांच जिला पंचायतों के अधिकारियों की तबादला सूची जारी, जानें किसे कहां भेजा
Wednesday, Jul 08, 2026-10:48 AM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों के तबादले की सूचना मिली हैं। यहां सामान्य प्रशासन विभाग ने एक साथ पांच जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (CEO) का ट्रांसफर किया गया है। वहीं, कई अधिकारियों को वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी सूची के मुताबिक, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक रेमिजियुस एक्का को राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। अधिकारी को वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ ये बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। वहीं, गजेन्द्र सिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी को उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग में पदस्थ किया गया है। जबकि प्रतीक जैन को जिला पंचायत बस्तर से जिला पंचायत कोरबा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है।

इसके अलावा सुरुचि सिंह को जिला पंचायत राजनांदगांव से आयुक्त, नगर पालिका निगम भिलाई पदस्थ किया गया है। जयंत नाहटा को जिला पंचायत दंतेवाड़ा से जिला पंचायत धमतरी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। एम. भार्गव अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), डोंगरगढ़ को जिला पंचायत दंतेवाड़ा का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं, तनय खत्रा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कटघोरा को जिला पंचायत बस्तर का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। जबकि दुर्गा प्रसाद अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), घरघोड़ा को जिला पंचायत राजनांदगांव का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

