Punjab Kesari MP ads

राज्य में 18 IPS और कई अधिकारियों का तबादला आदेश जारी, देखें किसे कहां भेजा

Saturday, Oct 10, 2026-09:45 AM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और राज्य पुलिस सेवा के 18 अधिकारियों के तबादले एवं नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2021 से 2024 बैच तक के अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय सहित विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

जानकारी के अनुसार बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) के पद पर कार्यरत अमन कुमार रमन कुमार को पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। नारायणपुर में पदस्थ अजय कुमार को पुलिस अधीक्षक ( एसआईबी ) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में आकाश श्रीमाल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अ.वि.) तथा अक्षय प्रगोद सबद्रा को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) के पद पर पदस्थ किया गया है। दुर्ग जिले के एसटीएफ बघेरा में पदस्थ आकाश कुमार शुक्ला को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एएनटीएफ) बनाया गया है।

वहीं, बीजापुर में पदस्थ रविन्द्र कुमार मीणा को पुलिस अधीक्षक (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है। सुकमा में पदस्थ रोहित कुमार शाह को 15वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, बीजापुर का सेनानी नियुक्त किया गया है। तबादला आदेश में नक्सल प्रभावित जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) के पदों पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं। जगदलपुर के नगर पुलिस अधीक्षक सुमीतकुमार दत्ताहारी को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), कांकेर तथा रायपुर में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर कार्यरत ईशु अग्रवाल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), नारायणपुर बनाया गया है।      

इसी तरह रायगढ़ के नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), सुकमा और राजनांदगांव की नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), जगदलपुर पदस्थ किया गया है। कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक विमल कुमार पाठक को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), नारायणपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त दुर्ग के नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), कोंडागांव तथा अंबिकापुर के नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स), बीजापुर नियुक्त किया गया है।      

राज्य सरकार ने प्रशिक्षु अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी हैं। प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को नगर पुलिस अधीक्षक, जगदलपुर तथा प्रशिक्षु अधिकारी साकोर मानसी नानाभाउ को सहायक पुलिस आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगरीय पदस्थ किया गया है। वहीं, राज्य पुलिस सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी आदित्य कुमार को नगर पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव और प्रतीक बंसोडे को नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर नियुक्त किया गया है। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत पुलिस मुख्यालय में प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ ही बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित जिलों में अभियान संबंधी पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News