Punjab Kesari MP ads

BJP प्रदेश अध्यक्ष के काम की मुरीद हो गई पूर्व CM, कहा- संगठन को मजबूत दिशा दे रहे,काम का तरीका शानदार

Monday, Mar 02, 2026-10:27 PM (IST)

बैतूल( रामकिशोर पवार): मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा है कि वे शांत, संतुलित और अनुभवी नेतृत्व प्रदान कर संगठन को मजबूत दिशा दे रहे हैं।

खंडेलवाल का स्वभाव सौम्य-भारती

नागपुर में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन से भोपाल लौटते समय बैतूल जिले के शाहपुर स्थित वन विभाग के विश्राम गृह में अल्प प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा में भारती ने कहा कि खंडेलवाल का स्वभाव सौम्य है और उन्हें संगठनात्मक कार्यों का अच्छा अनुभव है, जिसका लाभ पार्टी को मिल रहा है।

CM मोहन यादव की भी सराहना की

उन्होंने संकेत दिए कि आगामी दिनों में प्रदेश में निगम और मंडलों से संबंधित नियुक्तियों की घोषणाएं हो सकती हैं और इस संबंध में लिए जाने वाले सभी निर्णय प्रदेशहित में होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की मौजूदा सरकार के कार्यों की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में विकास, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का वातावरण निरंतर बना रहेगा।

इस दौरान भारती ने बैतूल जिले के प्राकृतिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सतपुड़ा अंचल की वादियां, घने वन और शांत वातावरण उन्हें विशेष रूप से आकर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि बैतूल से उनका आत्मिक संबंध है और यहां का वातावरण उन्हें हमेशा सुकून देता है।

विश्राम गृह में ठहरने के दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से क्षेत्रीय वन प्रबंधन, संरक्षण गतिविधियों और स्थानीय व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। भारती ने अधिकारियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास और संगठनात्मक मजबूती दोनों ही दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी हैं, जिससे राज्य के समग्र विकास को गति मिलेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News