Punjab Kesari MP ads

नगरीय निकाय चुनाव: कांग्रेस ने संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज की, दावेदारों से वन-टू-वन चर्चा

Monday, Oct 05, 2026-02:07 PM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक और चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। दुर्ग जिले के जामुल में बीती शाम आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी ने प्रत्याशी चयन, गुटबाजी और बगावत को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया, वहीं बैकुंठपुर में प्रदेश कांग्रेस की ओर से नियुक्त प्रभारियों ने टिकट के दावेदारों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी जमीनी स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली।

जामुल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी वार्ड के कार्यकर्ता आपसी सहमति से एक प्रत्याशी का नाम तय कर लेते हैं तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए निर्णय लेना आसान होगा और उसी नाम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। एक से अधिक दावेदार होने की स्थिति में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने स्तर पर प्रत्याशी तय करेगी और निर्णय के बाद सभी कार्यकर्ताओं को अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में काम करना होगा।

पूर्व सीएम बघेल ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील करते हुए कहा कि नगरीय निकाय चुनाव दिसंबर में होने जा रहे हैं और कांग्रेस ने जामुल से इसकी शुरुआत कर दी है। उन्होंने कहा कि जामुल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जनता भी बदलाव के मूड में है। उन्होंने महंगाई, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सरकार से जनता परेशान है और नगरीय निकाय चुनाव में परिवर्तन की संभावना है। सम्मेलन के बाद पत्रकारों से चर्चा में बघेल ने एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयुक्त नहीं, बल्कि‘चुनाव अभियुक्त'बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस्तीफा देना चाहिए या जेल जाना चाहिए।

बघेल ने यह भी दावा किया कि असली अपराधी कोई और है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले उन्हें चुनाव में उतरने तो दीजिए। चुनाव प्रभारी और पर्यवेक्षक प्रमोद दुबे ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में वार्ड कमेटी बनाई गई है और प्रत्याशी चयन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कमेटी जिस नाम पर सहमति बनाएगी, उसी नाम को टिकट देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों को ही तय करना चाहिए कि उनके क्षेत्र से कांग्रेस का प्रत्याशी कौन हो। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने गुटबाजी और पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर चेतावनी दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ माहौल है और लोग भाजपा को वोट नहीं देना चाहते, लेकिन कांग्रेस के सामने चुनौती कार्यकर्ताओं के आपसी मतभेद की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई कार्यकर्ता या पदाधिकारी पार्टी के खिलाफ सोशल मीडिया पर वाट्सऐप या फेसबुक के जरिए गतिविधियां करता है तो संबंधित ब्लॉक अध्यक्ष उसे तत्काल नोटिस जारी करें। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पार्टी से बाहर करने की कार्रवाई की जाएगी। इस बीच बैकुंठपुर नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को राजीव भवन कांग्रेस कार्यालय में बैठक हुई।

इसमें बैकुंठपुर नगर पालिका चुनाव के प्रदेश प्रभारी एवं अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह तथा शिवपुर-चरचा नगर पालिका चुनाव के प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री प्रशांत मिश्रा शामिल हुए। प्रदेश नेतृत्व की ओर से नियुक्त दोनों प्रभारियों ने स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के साथ टिकट के दावेदारों से वन-टू-वन औपचारिक बातचीत की। इस दौरान दावेदारों से उनके वाडरं की जमीनी स्थिति, क्षेत्र की जनता के बीच उनकी पकड़ और चुनाव के लिए अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली गई।

बैठक में संगठन और संभावित प्रत्याशियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता की मौजूदगी में हुई बैठक में पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, संयुक्त महामंत्री वेदांती तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव, शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह, गणेश राजवाड़े, शंकर सुमन मिश्रा और रामकृष्ण साहू सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News