भाजपा में संगठनात्मक बदलाव! निकाय चुनाव से पहले बदला मंडल अध्यक्ष, इन्हें सौंपी कमान
Thursday, Oct 15, 2026-06:30 PM (IST)
सारंगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में आगामी नगरपालिका चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए निखिल बानी को सारंगढ़ मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह जय कुमार बानी का स्थान लेंगे जिसकी जानकारी गुरुवार को जिला भाजपा से मिली। भाजपा के प्रदेश कार्यालय से बुधवार को जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर निखिल बानी को तत्काल प्रभाव से सारंगढ़ मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति आदेश प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन माकर्ण्डेय के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जय कुमार बानी सारंगढ़ मंडल अध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे। पार्टी ने अब उनके स्थान पर निखिल बानी की नियुक्ति की है। सारंगढ़ में आगामी दिसंबर में प्रस्तावित नगरपालिका चुनाव के मद्देनजर इस संगठनात्मक परिवर्तन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में चुनाव से पहले मंडल अध्यक्ष बदलने के फैसले को लेकर चर्चा है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद स्थानीय स्तर पर पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों में संभावित बदलाव पर भी नजर रहेगी।
हालांकि, भाजपा की ओर से पूर्व मंडल अध्यक्ष को हटाए जाने के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में इस निर्णय को अनुशासनात्मक कारर्वाई से जोड़कर देखे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। निखिल बानी के पदभार संभालने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया और आगामी निकाय चुनाव की तैयारियों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

