Atiq Ahmed के बेटे के एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों पर विजयवर्गीय का तीखा हमला, बोले- गोली नहीं तो क्या पुलिस को फूल बरसाने चाहिए थे
Friday, Apr 14, 2023-01:24 PM (IST)

इंदौर (गौरव कंछल) : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उत्तर प्रदेश एनकाउंटर मामले पर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधा है। विजयवर्गीय ने कहा कि अगर कोई पुलिस के ऊपर गोली चलाता तो क्या पुलिस को उन पर फूल बरसाना चाहिए। पुलिस को अधिकार दिया है कि वह अपनी आत्मरक्षा के लिए गोली चला सकते हैं। पुलिस ने कोई गैर कानूनी काम नहीं किया है। भारतीय संविधान में आम नागरिक को भी आत्मरक्षा के लिए इस तरह का अधिकार है। पुलिस पर उन लोगों ने गोली चलाई तो पुलिस ने भी बचाव में उन पर गोली चलाई है। उन्होंने कोई गैर कानूनी काम नहीं किया है।
बता दें कि गुरुवार को उमेश पाल हत्याकांड में फ़रार माफ़िया अतीक़ के बेटे असद और उसके सहयोगी गुलाम को यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर में मार गिराया था। दोनों पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनका एनकांउटर झांसी में किया गया था। इस पर कांग्रेस नेताओं समेत सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई थी। अखिलेश यादव ने इसे झूठा एनकाउंटर बताया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा- "झूठे एनकाउंटर करके भाजपा सरकार सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। भाजपाई न्यायालय में विश्वास ही नहीं करते हैं। आज के व हालिया एनकाउंटरों की भी गहन जांच-पड़ताल हो व दोषियों को छोड़ा न जाए। सही-गलत के फ़ैसलों का अधिकार सत्ता का नहीं होता है। भाजपा भाईचारे के ख़िलाफ़ है।"