Punjab Kesari MP ads

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के लिए खास इंतजाम? टॉयलेट इस्तेमाल के लिए रात में बैंक के ताले खुलवाने का आरोप, वीडियो वायरल होते ही बवाल

Friday, Jun 19, 2026-03:55 PM (IST)

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में वीआईपी कल्चर को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। बुधवार रात एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के आगमन से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसमें व्यवसायिक एवं औद्योगिक सहकारी बैंक के दरवाजे रात करीब साढ़े आठ बजे खुलवाए जाने की बात कही जा रही है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर अपने काफिले के साथ मुरैना पहुंचे थे। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष के बेटे सहित अन्य स्थानीय नेता भी मौजूद थे। उनका कार्यक्रम जीवाजीगंज स्थित गर्ग सेवा सदन में आयोजित ‘युवा संवाद’ में शामिल होना था।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पहले काफिला अचानक बैंक परिसर के सामने रुका, जिसके बाद बैंक के चैनल गेट और मुख्य दरवाजे के ताले खोले गए। इसके बाद कुछ लोग लगभग 8–10 मिनट तक बैंक परिसर के भीतर मौजूद रहे और फिर वहां से बाहर निकल गए।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। एक पक्ष का कहना है कि नेताओं को असुविधा के चलते व्यवस्था की गई थी, जबकि दूसरी ओर यह सवाल उठाया जा रहा है कि जब कार्यक्रम स्थल पर पहले से ही सभी सुविधाएं मौजूद थीं, तो बैंक को देर रात खोलने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

वहीं, बैंक प्रबंधन की ओर से सफाई दी गई है कि गैलरी का दरवाजा केवल आवश्यक सुविधा के लिए खोला गया था और बैंक के अंदर किसी प्रकार की गतिविधि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर वीआईपी प्रोटोकॉल और सार्वजनिक संस्थानों के उपयोग को लेकर बहस तेज हो गई है। विपक्ष और सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या इस तरह के फैसले उचित हैं या फिर यह वीआईपी संस्कृति का एक और उदाहरण है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News