राज्य में मौसम का कहर! बिजली गिरने से उप सरपंच समेत तीन की मौत, कई घायल
Friday, Jun 12, 2026-11:35 AM (IST)
कांकेरः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार को बिजली गिरने से उप सरपंच समेत तीन लोगों की मौत हो गई तथा पांच महिलाएं घायल हो गईं। दरअसल, जिले के अंतागढ़ विकासखंड के अंतर्गत सरकारी योजना के तहत काम कर रहे मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिरी है। मृतकों की पहचान संतोष पटेल, प्रकाश पटेल और मनराज पटेल (उप सरपंच) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार, कलगांव में योजना के तहत तालाब को गहरा करने का कार्य किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, लगभग 70 मजदूर यहां काम कर रहे थे तब मौसम बिगड़ा और आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई तथा पांच अन्य महिला मजदूर घायल हो गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस भी घटनास्थल पहुंची।
अधिकारियों ने बताया कि चार घायलों का इलाज अंतागढ़ के अस्पताल में किया जा रहा है तथा गंभीर रूप से घायल एक महिला को कांकेर में भर्ती कराया गया है। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार से बारिश और तेज हवाएं जारी हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

