एमपी में मौसम का कहर! तेज आंधी में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, मौके पर युवक की दर्दनाक मौत
Tuesday, May 05, 2026-05:28 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज आंधी के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आंधी की वजह से संतुलन बिगड़ने पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मृतक की पहचान रामकिशोर उर्फ बाबू कुशवाहा (26), निवासी मंडी के पीछे, छतरपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिस पर कोमल कुशवाहा (25) और महेश कुशवाहा (32), निवासी ग्राम मौराहा सवार थे, अचानक तेज आंधी के कारण अनियंत्रित हो गई और सीधे रामकिशोर की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रामकिशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कोमल और महेश की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इलाके में तेज धूल भरी आंधी चल रही थी, जिससे सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई थी। यही कारण रहा कि दोनों बाइक सवार एक-दूसरे को समय रहते देख नहीं सके और यह हादसा हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजन भरत कुशवाहा ने बताया कि रामकिशोर परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वहीं, घायल महेश कुशवाहा ने बताया कि वे दोनों खेत से लौट रहे थे, तभी अचानक तेज आंधी के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

