"तुम्हारी औकात क्या है?", किसान से बदसलूकी करने वाले JE का किया ट्रांसफर, प्रशासन का कड़ा एक्शन!
Tuesday, May 26, 2026-10:06 AM (IST)
MP desk: एमपी के नर्मदापुरम जिले के बनखेड़ी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) महेंद्र गौण्डे पर गाज गिरी है। आरोप है कि जेई ने एक पीड़ित किसान के साथ बदसलूकी व अपमान किया था। मामले में प्रशासन ने सख्त रूख अपनाते हुए कड़ा एक्शन लिया। जूनियर इंजीनियर का तबादला बनखेड़ी से भोपाल कर दिया है। हालांकि इस प्रशासनिक कार्रवाई से किसान संगठन संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, बीती 21 मई को बनखेड़ी के मलकजरा में बिजली विभाग द्वारा आयोजित शिविर में कई लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान किसान भगवानदास पटेल ने भी अपनी बिजली संबंधी समस्या जेई के सामने रखी। आरोप है कि जेई महेंद्र गौण्डे ने सरेआम किसान भगवानदास से कहा- "तुम्हारी औकात क्या है?" इसी के साथ ही बदसलूकी व अपमानित किया। मामले की जानकारी पर किसानों में भारी आक्रोश पैदा हो गया।
बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट और तहसील कार्यालय पहुंचे। किसानों ने स्थानीय तहसीलदार को एक शिकायती ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि आरोपी JE महेंद्र गौण्डे को सिर्फ ट्रांसफर नहीं बल्कि तत्काल पद से निलंबित किया जाए और उसके खिलाफ FIR दर्ज की जाए। किसान नेताओं ने साफ कहा है कि यदि 3 दिनों के भीतर JE के खिलाफ FIR नहीं की गई तो पूरे जिले में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

