महिलाएं बनीं विकास की अगुआ, युवा बने रोजगार देने वाले; नितिन नवीन ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
Thursday, Sep 17, 2026-06:03 PM (IST)
इंदौर: महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई राह मिली है। उन्होंने कहा कि पहले जहां ‘वुमेन डेवलपमेंट’ की बात होती थी, वहीं आज महिलाएं ‘वुमेन-लेड डेवलपमेंट’ की पहचान बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि देश की करोड़ों ‘लखपति दीदी’ आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ-साथ अपने परिवार को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 93 लाख से अधिक महिलाएं अपनी आजीविका को मजबूत करने के साथ देश के विकास में भी योगदान दे रही हैं।
नितिन नवीन ने युवाओं को लेकर भी सरकार की विभिन्न पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, मुद्रा ऋण और यूनिकॉर्न जैसी पहलों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं।
उनके मुताबिक, 57 करोड़ से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया गया है, जबकि 2 लाख से ज्यादा युवा स्टार्टअप के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि आज देश का युवा केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। उन्होंने इन बदलावों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार की योजनाओं और नीतियों को दिया।

