युवती के साथ दुष्कर्म! शादी का झांसा देकर कई बार संबंध बनाए, आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल किया; FIR दर्ज
Thursday, Sep 17, 2026-01:49 PM (IST)
रायसेन/देवरी (शिलाल यादव): देवरी थाना क्षेत्र में आईटीआई की एक छात्रा ने निर्माणाधीन तहसील भवन के इंजीनियर पर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इंजीनियर रूपेंद्र खटीक, निवासी टीकमगढ़-पहरिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी की पहचान ITI के पास चल रहे नवीन तहसील भवन के निर्माण कार्य के दौरान हुई थी। आरोप है कि इंजीनियर ने उसे शादी का भरोसा दिलाया और उसके परिवार से भी बातचीत की। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि आखिरी बार ITI परिसर में बनाए गए टीन शेड में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और इसी दौरान वीडियो भी बनाया गया।
टीन शेड हटाने का आरोप, साक्ष्य से छेड़छाड़ की आशंका
पीड़िता छात्रा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद ITI परिसर में बनाया गया टीन शेड ठेकेदार के कर्मचारियों ने हटा दिया। उसका कहना है कि यह टीनशेड उसी स्थान पर बनाया गया था। जहां आखिरी घटना हुई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से टीनशेड को हटाया गया।
मामला दबाने के लिए 5 लाख रुपए का लालच देने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना सामने आने के बाद उसे मामला खत्म करने के लिए 5 लाख रुपए देने की बात कही गई। साथ ही मामला रफादफा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता ने ITI प्रबंधन के अधिकारियों और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी से किया इनकार, वीडियो वायरल होने के बाद फरार
पीड़िता छात्रा के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआत में उससे शादी करने का भरोसा दिया था।लेकिन बाद में शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने की बात सामने आई। घटना के बाद आरोपी फरार है। पीड़िता ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। उसने यह भी कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर होगी।
जांच के घेरे में ITI प्रबंधन और निर्माण एजेंसी
घटना में ITI परिसर के भीतर निर्माण कार्य के लिए टीनशेड बनाए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि यदि घटना परिसर में हुई तो वहां बाहरी निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों और इंजीनियर की गतिविधियों पर निगरानी क्यों नहीं रखी गई। पुलिस द्वारा इन आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस और एसडीओपी के.एस मुकाती का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जाएगी।

