कांग्रेस में बड़ी नियुक्ति! इस युवा नेता को मिली बड़ी जिम्मेदारी, आदेश जारी
Sunday, Apr 19, 2026-01:31 PM (IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में युवा कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर नवाज खान की नियुक्ति की गई है। इस फैसले के बाद संगठन में युवाओं के बीच नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
नवाज खान लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव लड़कर की थी, जहां युवा साथियों के समर्थन से वे उपाध्यक्ष चुने गए। उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने संगठन विस्तार, युवाओं को जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष किया।
उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। इस दौरान उन्होंने रायपुर उत्तर क्षेत्र में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाया और हर सामाजिक मुद्दे पर जनता के साथ खड़े रहे।
हाल ही में फिल्टर प्लांट पाइपलाइन फटने से उत्पन्न जल संकट के दौरान भी नवाज खान प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे, लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का काम किया। इस पहल ने क्षेत्र में उनकी सक्रिय छवि को और मजबूत किया।
उनकी मेहनत, निष्ठा और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रभारी अमित सिंह पठानिया और सह-प्रभारी डॉ. मोनिका मंदरे ने उन्हें रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया। नियुक्ति के बाद नवाज खान ने कहा कि यह जिम्मेदारी पार्टी नेतृत्व और क्षेत्र के युवाओं के विश्वास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी के विजन और कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए युवा, किसान, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से लड़ेंगे। इस नियुक्ति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है। माना जा रहा है कि इससे रायपुर उत्तर में युवा कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

