काम से लौटा नहीं चालक… दो दिन बाद खेत में मिला शव, कई सवाल खड़े
Friday, Mar 20, 2026-07:25 PM (IST)
खैरागढ़ (हेमंत पाल) : खैरागढ़ जिले के छुईखादन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। काम खत्म कर घर लौट रहा एक 30 वर्षीय चालक अचानक लापता हो गया। दो दिन तक तलाश के बाद उसका शव गांव के पास खेत में संदिग्ध हालात में मिला। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान अवधराम निषाद (30 वर्ष), पिता बिसारद निषाद, निवासी ग्राम परसबोड़ के रूप में हुई है। वह पिछले दो से तीन वर्षों से ट्रैक्टर-लोडर वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक 17 मार्च, मंगलवार की शाम लगभग 7:30 बजे वह साल्हे खुर्द से रगरा मार्ग होते हुए अपने गांव परसबोड़ के लिए निकला था। वह लकड़ी ठेकेदार पुरुषोत्तम वर्मा के यहां चालक के रूप में काम करता था और घटना के दिन भी रोज की तरह ड्यूटी समाप्त कर लौटा था।
परिजनों के अनुसार देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर चिंता बढ़ी। मोबाइल फोन साथ होने के बावजूद उससे संपर्क नहीं हो सका। रातभर परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छुईखदान थाना पुलिस सहित खैरागढ़ और जालबांधा चौकी की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया। खोजबीन के दौरान ग्राम जोरातराई के पास एक खेत में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। दुर्घटना, आपराधिक घटना या अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

