स्प्रे छिड़ककर बेहोश किया फिर की दरिंदगी... खेत में खून से सने कपड़ों में मिली 11वीं की छात्रा

Wednesday, Mar 11, 2026-12:45 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में कक्षा 11वीं की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा मंगलवार शाम घर से शौच के लिए खेत की ओर गई थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। जब परिजनों ने तलाश शुरू की तो वह खेत में खून से सने कपड़ों में अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे निजी वाहन से तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है और हालत में सुधार बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, सिटी कोतवाली टीआई और सिविल लाइन थाना प्रभारी जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़िता की स्थिति की जानकारी ली। वहीं गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने शुरू की तलाश

परिजनों के अनुसार, छात्रा मंगलवार शाम करीब 7 बजे घर से शौच के लिए खेत की ओर गई थी। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। जहां खेत में वह अचेत अवस्था में खून से भिगे कपड़ों में मिली। जब बच्ची को होश आया कुछ समय तड़पते हुए छोड़ दो बचा लो कहा और फिर बेहोश हो गई।    

परिजनों द्वारा निजी वाहन से उसे जिला अस्पताल लाया गया, पहले परिजन घटना और मामले को छिपाते नजर आए और पुलिस को सूचना नहीं दी, तो वहीं जानकारी लगने पर घटना और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जहां पुलिस के आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और मामले में जांच और कार्यवाही शुरू कर दी है तो वहीं  इलाज बाद बच्ची की हालत में सुधार बताया गया।

शादीशुदा आरोपी ने की घटना  

पुलिस के अनुसार गांव के ही शादीशुदा आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया है। परिजनों ने बताया कि आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर खेत पर बुलाया था। उसके पहुंचते ही आरोपी ने स्प्रे बच्ची की नाक पर छिडक़ दिया, इससे वह बेहोश हो गई। हालत बिगड़ने पर आरोपी दुष्कर्म करके भाग गया।

गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में नाबालिग का इलाज किया जा रहा है, आगे की कार्रवाई महिला थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। मामले की गंभीरता को लेकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News