MP के इस काबिल जिला पंचायत CEO को मिला कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार,अपने काम से पहले बना चुके हैं पहचान
Tuesday, Mar 10, 2026-09:03 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया को एक महत्वपूर्ण जिम्मेवारी सौंपी गई है। इस जिम्मेवारी को मिलने के बाद नम: शिवाय अरजरिया के कंधों पर दोहरा दायित्व आ गया है।
नम: शिवाय अरजरिया को कलेक्टर छतरपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया
दरअसल छतरपुर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम: शिवाय अरजरिया को अब कलेक्टर छतरपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। ज्ञात हो कि कलेक्टर पार्थ जैसवाल कुछ दिनों के लिए प्रशासनिक प्रशिक्षण पर जिले से बाहर चले गए हैं।
पहले अरजरिया राज्य शिष्टाचार अधिकारी के पद पर कार्यरत थे
यह आदेश प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए जारी किया गया है, जिसके तहत अरजरिया अब जिला पंचायत सीईओ के साथ-साथ जिला कलेक्टर के दायित्व भी संभालेंगे। इस तरह से देखा जाए तो अब नम: शिवाय अरजरिया को जिला पंचायत सीईओ के साथ ही जिला कलेक्टर का कार्यभार भी देखना पड़ेगा। यह उन पर काफी बड़ी जिम्मेवारी होगी।
इससे पहले अरजरिया राज्य शिष्टाचार अधिकारी के पद पर कार्यरत थे और सितंबर 2025 में उन्हें छतरपुर जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया था। वर्तमान में छतरपुर जिले में विकास कार्यों और पंचायती राज योजनाओं को गति देने के साथ ही जिला प्रशासन की समग्र जिम्मेदारी अब उनके पास होगी। लिहाजा सागर संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। अरजरिया प्रशासनिक कार्यों और पंचायत स्तर की योजनाओं को गति देने में सक्षम माने जाते हैं।

