Punjab Kesari MP ads

कट सकता है आपका गैस कनेक्शन! जानें सिलेंडर बुकिंग के नए नियम, उज्ज्वला योजना की सब्सिडी को लेकर बड़ा अपडेट

Tuesday, Mar 17, 2026-01:43 PM (IST)

भोपाल : घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नया नियम लागू होने की चर्चा के बाद कई उपभोक्ता असमंजस में हैं। खासतौर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के बीच सब्सिडी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। गैस एजेंसियों और संबंधित विभागों की ओर से साफ किया गया है कि सब्सिडी का लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं को कुछ जरूरी प्रक्रियाओं का पालन करना होगा।

बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर बुकिंग और सब्सिडी जारी रखने के लिए उपभोक्ताओं का आधार ई-केवाईसी (e-KYC) अपडेट होना जरूरी है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक अपनी केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें गैस एजेंसी में जाकर दस्तावेज अपडेट कराने की सलाह दी जा रही है। e-KYC के बिना सिलेंडर की बुकिंग या सब्सिडी प्रभावित हो सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक यह प्रक्रिया इसलिए लागू की गई है ताकि वास्तविक लाभार्थियों तक ही सब्सिडी का लाभ पहुंच सके और फर्जी कनेक्शनों पर रोक लगाई जा सके। हालांकि उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को फिलहाल सब्सिडी मिलती रहेगी, लेकिन केवाईसी अपडेट न होने की स्थिति में भविष्य में दिक्कत आ सकती है।

गैस एजेंसियों का कहना है कि उपभोक्ता अपने नजदीकी वितरक के पास जाकर आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। इससे सिलेंडर बुकिंग और सब्सिडी दोनों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचेगा। वहीं उपभोक्ताओं को भी सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी जानकारी अपडेट करा लें ताकि गैस सिलेंडर की बुकिंग और सब्सिडी में कोई बाधा न आए।

सरकार के इस फैसले के पीछे कई बड़े कारण हैं गैस की कमी के बीच सही लोगों तक सप्लाई पहुंचाना, फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शन खत्म करना और ब्लैक मार्केटिंग और स्टॉकिंग रोकना है। कई मामलों में देखा गया था कि कुछ लोग एक से ज्यादा कनेक्शन लेकर सब्सिडी का गलत फायदा उठा रहे थे। ऐसे मामलों को रोकने के लिए आधार आधारित e-KYC शुरू किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News