Punjab Kesari MP ads

कलेक्ट्रेट के बाहर अचानक धमाका... फिर युवक ने जो कहा, सुनकर पुलिस भी रह गई हैरान!

Thursday, Jul 23, 2026-12:12 PM (IST)

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में गुरुवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर उस समय अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब खुद को नीट (NEET) अभ्यर्थी बताने वाले एक युवक ने परिसर के बाहर कथित तौर पर कम क्षमता वाला विस्फोटक फोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंचा और प्रशासन व सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए भाषण देने लगा। इसके बाद उसने एक कम तीव्रता वाला विस्फोटक फेंका, जिससे तेज आवाज हुई। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

युवक ने खुद को नीट अभ्यर्थी बताते हुए परीक्षा व्यवस्था और कथित पेपर लीक को लेकर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उसने दावा किया कि वह लंबे समय से अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखना चाहता था, लेकिन परिस्थितियों ने उसे ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। वायरल वीडियो में वह सरकार को चुनौती देते हुए कई गंभीर बयान भी देता दिखाई दे रहा है।

PunjabKesariघटना के दौरान युवक ने यह भी दावा किया कि वह पहले भी कई बार इसी तरह के विस्फोट कर चुका है, लेकिन उसकी बात सुनने कोई जिम्मेदार अधिकारी सामने नहीं आया। वीडियो में उसने हथियारों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। फिलहाल इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार युवक की पहचान सुजल मेश्राम के रूप में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस उसकी भूमिका और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। प्रशासन यह भी पता लगाने में जुटा है कि इस्तेमाल किया गया विस्फोटक किस प्रकार का था और उसका उद्देश्य क्या था।

बालाघाट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News