राखी बंधवाने जा रहा था भाई, रास्ते में आया जहरीला सांप, हादसे के बाद ले जाना पड़ा अस्पताल
Thursday, Aug 27, 2026-06:46 PM (IST)
बलौदाबाजार (अशोक टंडन) : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहन से राखी बंधवाने जा रहे एक भाई के साथ रास्ते में बड़ा हादसा हो गया। आमोदी-गिरौदपुरी मार्ग पर अचानक सड़क पर जहरीला सांप आ जाने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 कसडोल की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।
सांप को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक
जानकारी के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:40 बजे ग्राम आमोदी से डायल 112 कसडोल को सूचना मिली कि आमोदी-गिरौदपुरी मार्ग के किनारे एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा है। सूचना मिलते ही आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि हिरसिंग पैकरा (40 वर्ष), निवासी देवरीकला, कसडोल, अपने साथी पिरस यादव (34 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 AK 6088 से अपनी बहन के घर ग्राम दर्रा, गिरौदपुरी राखी बंधवाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जहरीला सांप सामने आ गया। सांप को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में पीछे बैठा साथी भी चालक के ऊपर जा गिरा।
सिर और सीने में गंभीर चोट, मौके पर ही हुआ बेहोश
दुर्घटना में हिरसिंग पैकरा के सिर, चेहरे, सीने और पैर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल 112 की टीम ने बिना समय गंवाए घायल हिरसिंग पैकरा और उसके साथी पिरस यादव को वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कसडोल पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने और चिकित्सकीय उपचार मिलने से हिरसिंग की हालत में सुधार हुआ। बताया गया कि अब वह खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है।
डायल 112 की तत्परता से बची जान
रक्षाबंधन के दिन हुई इस घटना में डायल 112 टीम की तत्परता ने एक परिवार को बड़ी अनहोनी से बचा लिया। बहन से राखी बंधवाने जा रहे भाई को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी और उसकी जान बच गई। सड़क पर अचानक आने वाले सांप, पशु या किसी अन्य अवरोध से बचने के दौरान वाहन को अचानक मोड़ने के बजाय गति नियंत्रित रखना चाहिए। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई।

